-मिहोना थाना क्षेत्र में स्थित है जमवाय माता मन्दिर
भिण्ड, 23 जून। मिहोना थाना क्षेत्र में स्थित कछवाह क्षत्रिय समाज की कुलदेवी जमवाय माता मंदिर से अज्ञात चोर चांदी का छत्र चोरी कर ले गए। घटना सोमवार रात की है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। मन्दिर समिति की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कछवाहघार क्षेत्र में स्थित जमवाय माता मन्दिर समाज की आस्था का प्रमुख केन्द्र है। सोमवार देर रात अज्ञात बदमाश मन्दिर परिसर की करीब सात फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसे और गर्भगृह में स्थापित माता रानी पर चढ़े चांदी के छत्र चोरी कर ले गए। सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मन्दिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही मन्दिर समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। समिति सदस्यों का कहना है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। मिहोना थाना पुलिस ने मन्दिर समिति की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को मन्दिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जिससे चोरों की पहचान करने में पुलिस को कठिनाई हो रही है। हालांकि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।


