– शादी समारोह के विवाद में ली थी जान
भिण्ड, 16 जून। गोरमी पुलिस ने एक साल पुरानी रंजिश के चलते 19 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या करने वाले 10 हजार के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि दूसरा आरोपी घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार गोरमी थाना अंतर्गत गत 10 मई को फरियादी ने अपने 19 वर्षीय बेटे पिंटू करण के बिना बताए कहीं चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी क्र.18/26 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि करीब एक वर्ष पूर्व एक शादी समारोह में हुए झगड़े की पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पिंटू करण को अगवा किया। वे उसे रौन थाना क्षेत्र के इंदुर्खी स्थित सिंध नदी के किनारे ले गए, जहां तौलिए से गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को वहीं ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस ने तफ्तीश के बाद सिंध नदी के किनारे से मृतक पिंटू की हड्डियां और अस्थियां बरामद की थीं। इसके बाद गुमशुदगी के मामले को हत्या के प्रकरण में तब्दील कर अपराध क्र.165/26, धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
घेराबंदी कर दबोचा हत्यारा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन, एएसपी प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी मेहगांव संजय कोच्छा के मार्गदर्शन में गोरमी थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। प्रकरण का एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका था, जबकि दूसरा मुख्य आरोपी लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार को मुखबिर तंत्र और पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में गोरमी थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष शर्मा, उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा, आरक्षक सूरज, राजकुमार, अनिल राठौर, असुनील सिंह और पंकज शुक्ला की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।


