– 40 से अधिक दंपतियों ने सपरिवार सहभागिता कर लिया पुण्य लाभ
– मूलनायक भगवान अजितनाथ और नेमिनाथ स्वामी का हुआ भव्य महामस्तकाभिषेक व शांतिधारा
भिण्ड, 17 मई। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड के तत्वावधान में रविवार को देवों द्वारा निर्मित सुप्रसिद्ध 1008 अजितनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र बल्लभपुर (बरही) में उत्सव प्रभु आराधना के अंतर्गत द्वितीय मासिक अभिषेक का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन सानंद संपन्न हुआ। इस पावन धार्मिक यात्रा और आराधना में ग्रुप के अनेक दांपत्य सदस्यों ने सपरिवार सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
संस्था सचिव अंशुल-आयशा जैन ने बताया कि ग्रुप के प्रबंधन द्वारा सभी सदस्यों के लिए सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। सुबह 6:45 बजे सभी सदस्य इटावा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए, जहां से सामूहिक रूप से बरही क्षेत्र के लिए प्रस्थान किया गया। प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि साधन के अभाव में कोई भी धर्मावलंबी इस पावन अवसर से वंचित न रहे, जिसमें ग्रुप पूर्णत: सफल रहा। 7:15 बजे अतिशय क्षेत्र बरही में मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच देव-शास्त्र-गुरु की आराधना प्रारंभ हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने अत्यंत भक्ति भाव और हर्षोल्लास के साथ मूलनायक भगवान 1008 अजितनाथ एवं 1008 नेमिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक एवं शांतिधारा की। इस दौरान पूरा मन्दिर परिसर प्रभु भक्ति के भजनों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम अभिषेक करने का सौभाग्य सुनील जैन को प्राप्त हुआ। वहीं चार कलशों से अभिषेक करने का सौभाग्य क्रमश: शैलेन्द्र जैन, अतुल जैन, डॉ. जितेन्द्र जैन एवं पवन जैन को मिला। सामूहिक सुख-समृद्धि के लिए की गई पावन शांतिधारा करने का सौभाग्य नवीन जैन को प्राप्त हुआ। साथ ही संपूर्ण कार्यक्रम के सौधर्म इन्द्र बनने का गौरव नवीन जैन को मिला। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड सभी पुण्यार्जक परिवारों के पुण्य की भूरि-भूरि अनुमोदना करता है।
अभिषेक और पूजन की क्रियाओं के पश्चात सभी उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने अत्यंत मनुहार और अपनत्व के वातावरण में वात्सल्य स्वल्पाहार (अल्पाहार) ग्रहण किया। इसके उपरांत 9:30 बजे सभी सदस्य धर्म लाभ लेकर सकुशल भिण्ड वापस लौटे। संस्था अध्यक्ष शैलेन्द्र-पूनम जैन ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति और उनके अनुकरणीय सहयोग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बरही क्षेत्र कमेटी द्वारा की गई उचित व्यवस्थाओं के लिए पूरी कमेटी की सराहना करते हुए आभार जताया। धार्मिक आयोजन में मुख्य रूप से अशोक-जया जैन, शैलेन्द्र-पूनम जैन, अंशुल-आयशा जैन, रविन्द्र-सुधा जैन, अतुल-ज्योति जैन, विकल्प-नीलम जैन, नवीन-अंजू जैन, रिषभ-सोनम जैन, सुनील-बबिता जैन, राहुल-रेखा जैन, पारस-शीतल जैन, पवन-लिली जैन, शुद्धतम-उर्वशी जैन, डॉ. जितेंद्र-ज्योति जैन, संजीव-पूनम जैन सहित लगभग 40 दंपति सदस्यों ने सम्मिलित होकर धर्म लाभ लिया।


