– पीएम की ईंधन बचाओ अपील के बाद भी निकाली सैकड़ों वाहनों के साथ रैली
भिण्ड, 14 मई। जिले के भाजपा नेता सज्जन सिंह यादव करीब 18 दिन पहले ही किसान मोर्चा के भिण्ड जिलाध्यक्ष बने थे। बुधवार को ग्वालियर से भिण्ड आते समय उनके साथ सैकड़ों चार पहिया वाहनों का काफिला था। पीएम की ईंधन बचाओ अपील की अवहेलना करने पर उन्हें जिलाध्यक्ष के पद से हटा दिया गया।
यादव किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बुधवार शाम को शक्ति प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर से सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भिण्ड शहर तक पहुंचे। इस बीच शहर का ट्रैफिक बाधित हुआ तो हॉर्न बजाते और नारेबाजी के कारण शोर शराबा हुआ। प्रदेश संगठन ने इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए अनुशासन हीनता की श्रेणी में मानते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के निर्देश पर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने सज्जन सिंह यादव जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा भिण्ड की नियुक्ति को निरस्त कर दिया है। ऐसे मामले में देश में यह पहली कार्रवाई है।
संगठन ने मांगा था जवाब
इससे पहले भाजपा संगठन ने सज्जन सिंह यादव से जवाब तलब किया तो सज्जन सिंह यादव ने पार्टी नेतृत्व को सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी कार्यकर्ता या समर्थक को वाहन लेकर आने के लिए नहीं कहा था। लोग स्वेच्छा से काफिले में शामिल हुए थे और यह पार्टी के प्रति उनका उत्साह व प्रेम था।


