भिण्ड, 14 मई। आलमपुर थानांतर्गत ग्राम खुर्द में 22 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार खुर्द गांव निवासी अंशुल कौरव उम्र 22 वर्ष पुत्र गंभीर सिंह कौरव उर्फ कल्लू ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया गया है कि सुबह जब देर तक अंशुल नहीं जागा तो उसकी मां उसे जगाने ऊपर पहुंची। लेकिन जब काफी आवाज लगाने के बाद भी कमरे का दरवाजा अंदर से नहीं खुला तब उसकी मां बगल वाले घर में रहने वाले अपने परिजनों के घर पहुंची और छत के रास्ते दूसरी तरफ से अंशुल के कमरे में जाने की बात कही। जब रिश्ते के चाचा एवं अन्य परिजनों ने दूसरी तरफ से कमरे मेें देखा तो अंशुल फांसी पर लटक रहा था। इसके बाद तत्काल आलमपुर थाना पुलिस को सूचना को सूचना दी गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची आलमपुर थाना पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए लहार भिजवाया। पुलिस द्वारा मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया गया है।
इकलौती संतान था मृतक
बता दें कि अंशुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान था एवं बाहर रहकर किसी निजी कंपनी में कार्य कर रहा था और तीन-चार दिन पहले ही घर आया था। मृतक के पिता किसान और मां गृहिणी हैं।
इनका कहना है:
”शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
ओंकार सिंह तोमर, एएसआई थाना आलमपुर


