भिण्ड, 08 मई। लहार क्षेत्र के असवार थाना अंतर्गत इकमिली गांव से सेवड़ा सनकुआ नदी में श्रीमद् भागवत कथा के लिए जल भरने के लिए जल यात्रा ट्रैक्टरों द्वारा जा रही थी, जिसमें दो ट्रैक्टर चालकों में दौड़ाने की होड़ को लेकर अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर पलट गया, जिसमें अधिकतर महिलाएं सवार थीं, ट्रैक्टर पलटने से ट्रॉली में बैठी महिलाओं में से एक महिला की दबाकर मौत हो गई तथा एक दर्जन महिलाएं, कुछ बच्चे घायल है। यह घटना चौरई असवार के बीच की है।
जानकारी लगते ही असवार थाना प्रभारी मय पुलिस वल के मौका पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर ट्रॉली को सीधा किया तथा घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस एवं पुलिस वाहन की मदद से लहार अस्पताल उपचार के लिए भिजवाया। तहसीलदार दीपक शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए थे, उन्होंने गंभीर घायलों का हाल जाना, ज्यादा हालत खराब होने पर कुछ लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है तथा कुछ का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ बालक एवं बालिकाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।


