– घटना के बाद आरोपी मय परिवार फरार
भिण्ड, 29 अप्रैल। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते मंगलवार की अर्द्ध रात्रि को एक युवक ने अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को घर की महिलाओं के बीच बाथरूम के इस्तेमाल को लेकर कहासुनी हुई थी। रात में जब दोनों भाइयों की पत्नियों ने अपने-अपने पतियों को इस विवाद की जानकारी दी, तो दोनों भाई भी इस बात को लेकर आपस में उलझ गए। रात करीब 12 बजे के बीच बात इतनी बढ़़ गई कि दोनों भाइयों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान छोटे भाई राजू भदौरिया ने कट्टा निकालकर बड़े भाई मनमोहन भदौरिया उम्र 36 वर्ष पुत्र गोवर्धन सिंह के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से मनमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक मनमोहन की पत्नी सरिता भदौरिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी छोटे भाई राजू भदौरिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश आरंभ कर दी है।


