– पुरानी रंजिश का मामला, पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
भिण्ड, 21 अप्रैल। मेहगांव थाना क्षेत्र के कैथोदा गांव में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात निमंत्रण खाकर अपने गांव लौट रहे युवक को घात लगाए बैठे आरोपियों ने रास्ते में रोककर पुरानी रंजिश के चलते विवाद किया और फायरिंग कर दी। गोली युवक को लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना वाली रात गिर्राज गुर्जर अपने साथियों के साथ खेरिया गांव से शादी समारोह में शामिल होकर कैथोदा लौट रहा था। गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी आसवीर गुर्जर, रामभान गुर्जर, अमर सिंह गुर्जर, नीटू गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर ने उसका रास्ता रोक लिया।आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और हाथापाई की। विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी आसवीर गुर्जर ने बंदूक से गिर्राज के सीने में गोली मार दी। इसके बाद अमर सिंह गुर्जर ने भी फायर किया, जबकि अन्य आरोपी उकसाते रहे। गोली लगते ही गिर्राज जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। बताया गया है कि मृतक गिर्राज गुर्जर और मुख्य आरोपी आसवीर गुर्जर के बीच पुराना विवाद चल रहा था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उनके संबंध बिगड़ गए और यह रंजिश गहरी होती चली गई। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


