– नेशनल हाईवे-719 पर छीमका गांव के पास हुआ हादसा
भिण्ड, 20 अप्रैल। नेशनल हाईवे-719 पर छीमका गांव के पास गत दिवस भारत पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार केंटर ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार फरियादी गौरीशंकर जाटव उम्र करीब 54 वर्ष अपनी पत्नी अनीता जाटव के साथ ऑटो में सवार होकर ग्वालियर से अपने गांव लौट रहे थे। ऑटो में चालक सहित आठ लोग सवार थे, जिनमें कैथोदा निवासी रामअवतार जाटव भी शामिल थे। ऑटो जैसे ही छीमका गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे केंटर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में रामअवतार जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरीशंकर जाटव सहित अन्य सवारियों को भी चोटें आई हैं।
सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोहद ले जाया गया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि कुछ का इलाज गोहद में जारी है। घटना के बाद केंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।


