– बाइक भी मिली, पुलिस कर रही है जांच
भिण्ड, 16 अप्रैल। पावई थाना क्षेत्र में ऐंतहार गांव के पास बुधवार देर रात रजपुरा पुलिया के नीचे दो युवकों के शव मिले हैं, पास ही उनकी मोटर साइकिल भी पड़ी मिली। घटना संदिग्ध बताई जा रही है। पावई पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सत्येन्द्र सिंह राजावत उम्र 35 साल पुत्र लाटोरी सिंह निवासी भारौली और कुलदीप राजावत उम्र 40 साल पुत्र महेश राजावत निवासी कॉलौनी के रूप में हुई है। दोनों युवक चचेरे भाई बताए जा रहे हैं, जो अकलौनी में आयोजित फलदान-लगुन कार्यक्रम में शामिल होकर मोटर सायकिल से भिण्ड लौट रहे थे। बताया गया है कि ऐंतहार गांव के पास रजपुरा पुलिया के नीचे उनकी मोटर साइकिल भी पड़ी मिली और दोनों युवक गंभीर हालत में पड़े थे। सूचना मिलने पर 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का बताया जा रहा है, लेकिन जिस तरह से दोनों युवक पुलिया के नीचे मिले हैं, उससे घटना संदिग्ध भी मानी जा रही है। बावजूद इसके कुलदीप राजावत उर्फ लंगड़ा उर्फ शूटर के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। ऐसे में पुलिस हादसे के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर जांच आरंभ कर दी है।


