– हाइवे पर शहर के भारौली तिराहे के पास हुई दुर्घटना
भिण्ड, 15 अप्रैल। नेशनल हाईवे-719 पर शहर के भारौली तिराहे के पास मंगलवार को बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अटेर रोड स्थित उदोतगढ़ गांव निवासी 24 वर्षीय सुग्रीव पुत्र सावले धानुक मंगलवार को बाइक से भिण्ड आ रहा था। जब वह भारौली तिराहे के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुग्रीव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे वाहन की पहचान की जा सके। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे।


