– गौ व धर्म की रक्षा करने एवं भूमाफियाओं से मन्दिर व गौचर भूमि को मुक्त कराने के लिए कांग्रेस का साथ देने का निर्णय किया : अवधूत हरि महाराज
भिण्ड, 15 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले की सहमति एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल की अनुशंसा पर प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी द्वारा अवधूत हरि चिलौंगा महाराज को जिला कांग्रेस कमेटी धर्म एवं मन्दिर पुजारी प्रकोष्ठ ग्रामीण का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
ग्रामीण जिला कांग्रेस धर्म एवं मन्दिर पुजारी प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अवधूत हरि चिलौंगा महाराज ने अपने मनोनयन पर कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वैसे उन्हें राजनीति से कोई लेना देना नहीं है, किंतु आज भाजपा द्वारा लगातार की जा रही धर्म विरोधी गतिविधियों के कारण एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए गौ एवं धर्म की रक्षा करने व भूमाफियाओं से मन्दिर एवं गौचर भूमि को मुक्त कराने के लिए कांग्रेस का साथ देने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उनकी मंशानुरूप उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है,उसे वह पूरी धर्म निष्ठा से निभाएंगे।
महाराज ने कहा कि वह जल्द ही जिला कार्यकारिणी घोषित कर जिले में गौ एवं धर्म रक्षा करने व जिलेभर में भूमाफियाओं द्वारा मन्दिर एवं गौचर भूमियों पर किए गए कब्जों को हटवाने के लिए जिलेभर में बैठक कर जिला प्रशासन से चर्चा करेंगे एवं जरूरत पड़ी तो अहिंसात्मक तरीके से विशाल आंदोलन भी करेंगे। चिलौंगा वाले महाराज को ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने श्रीफल भेंट कर शॉल ओढ़ाकर नियुक्ति पत्र सौंपकर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धर्मात्मा संत का पार्टी को साथ मिला है, निश्चित तौर पर हम कांग्रेसी जन उनके नेतृत्व में गौ रक्षा एवं धर्म रक्षा करेंगे और जिलेभर में भूमाफियाओं द्वारा मन्दिरों एवं गौचर भूमि पर जो कब्जे किए गए हैं,ऐसी भूमियों को कब्जा मुक्ति कराने का भी काम करेंगे।
इस अवसर पर संगठन महासचिव महेश जाटव, उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह कुशवाह कल्लू, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, पूर्व पार्षद भारत सिंह बघेल, विधानसभा प्रभारी भिण्ड अरविंद यादव, सदभावना एवं कौमी एकता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अभिलाख सिंह यादव, बेरोजगार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विवेक जामौर, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर हिण्डोलिया, रामसेवक मौर्य, अभिषेक मौर्य, मनोज कौशिक, उमेश गड़रिया, रोहित अर्गल, संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।


