– केन्द्रीय मंत्री ने ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे का किया निरीक्षण, 6-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर से अब ग्वालियर आगरा 50 मिनट में तय होगी दूरी
– कनेक्टिविटी, गति और विकास का नया युग, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा बल
ग्वालियर, 06 अप्रैल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज ग्वालियर एक्सप्रेस-वे परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह हाई-स्पीड कॉरिडोर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि 5500 करोड़ की लागत से बन रहा ग्वालियर-आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे वर्तमान मार्ग की तुलना में लगभग 32 किमी छोटा होगा और कुल दूरी लगभग 88 किमी रह जाएगी। साथ ही वर्तमान दो-लेन सड़क को अपग्रेड कर छह-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जहां न्यूनतम गति 100 किमी प्रति घण्टा होगी। इससे आगरा से ग्वालियर की यात्रा, जो अभी 2.5 से 3 घंटे लेती है, मात्र 45 से 50 मिनट में पूरी हो सकेगी। सिंधिया ने कहा कि लगभग 3 वर्ष में ये एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
नियंत्रित प्रवेश-निकास से होगा सुगम और सुरक्षित आवागमन
उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है, जिसमें सीमित एंट्री और एग्जिट पाइंट्स रखे जाएंगे। पूरे मार्ग में केवल चार प्रमुख प्रवेश-निकास बिंदु होंगे, जिससे यातायात निर्बाध और सुरक्षित बना रहेगा। यह व्यवस्था हाई-स्पीड कॉरिडोर को बिना व्यवधान के सुचारु रूप से संचालित करने में सहायक होगी।
चंबल पर आधुनिक सिक्स-लेन ब्रिज और पश्चिमी बायपास से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
सिंधिया ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत चंबल नदी पर अत्याधुनिक तकनीक से 6-लेन पुल का निर्माण किया जाएगा, जो अपनी संरचना में विश्वस्तरीय होगा। इसके साथ ही शिवपुरी को जोड़ने के लिए लगभग 28 किमी लंबा पश्चिमी बायपास भी विकसित किया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 1400 करोड़ है। इससे दिल्ली, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना के बीच आवागमन और अधिक सुलभ होगा।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मिला अभूतपूर्व बल
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि इस हाई-स्पीड कॉरिडोर (लगभग 5500 करोड़) और पश्चिमी बायपास को मिलाकर लगभग 7 हजार करोड़ की परियोजनाएं क्षेत्र को मिली हैं। इसके अतिरिक्त ग्वालियर में और 600 करोड़ की लागत से आधुनिक रेलवे स्टेशन का निर्माण भी जारी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का समग्र कायाकल्प होगा और निवेश, रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से विकास की नई गति स्थापित की जा रही है, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इस गति का लाभ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है।


