– प्रभारी मंत्री पटेल और कैबिनेट मंत्री शुक्ला पहुंचे कथा श्रवण करने
भिण्ड, 06 अप्रैल। मेहगांव नगर में त्यागी बाग पचैरा रोड दैपुरिया कॉलेज के पास चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा वाचक भागवत रत्न व अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य पं. विमलकृष्ण पाठक ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि कृष्ण ने बाल्यकाल में ही कई राक्षसों का वध कर दिया था, भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के बचपन की दिव्य, मधुर और चमत्कारी घटनाओं का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार गोकुल-वृंदावन में माखन चोरी, पूतना वध, कालिया दमन और मिट्टी खाने जैसी अद्भुत लीलाओं के माध्यम से प्रेम, भक्ति और आनंद का संदेश देती हैं।
इन्द्रदेव का अंहकार दूर करने के लिए भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को ही अपनी सबसे छोटी उंगली पर सात दिनों के लिए धारण कर लिया था और इन्द्र के अहंकार को चकनाचूर कर दिया था। कथा के पंचम दिन सोमवार को भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल, कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया सहित अन्य नेताओं ने भागवत कथा श्रवण की। तत्पश्चात व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीमद् भागवत कथा के मुख्य यजमान परीक्षित अनचाई देवी राकेश त्यागी ठेकेदार राष्ट्रीय अध्यक्ष त्यागी समाज निवासी मेहगांव के द्वारा कराई जा रही है। जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा का रसपान करने आते है वहीं सभी भक्तों के लिए प्रतिदिन भंडारा प्रसादी की भी व्यवस्था आयोजकों द्वारा कराई जा रही है। आज की कथा में पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर, रामू तोमर, राहुल सिंह भदौरिया, पूर्व नप अध्यक्ष ममता भदौरिया, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रज्जन सिंह भदौरिया, कांग्रेस नेता प्रमोद चौधरी, हृदेश बंटी त्यागी, केके शर्मा ने कथा श्रवण की।


