– कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने कलश यात्रा में की शिरकत
भिण्ड, 01 अप्रैल। मेहगांव में त्यागी बाग पचैरा रोड दैपुरिया कॉलेज के पास श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ बुधवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। जिसमें प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय मंत्री राकेश शुक्ला विशेष रूप से शामिल हुए। भक्तिमय माहौल में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लेकर उत्साह का प्रदर्शन किया।
यह धार्मिक आयोजन 2 अप्रैल गुरुवार से 9 अप्रैल गुरुवार को कथा समापन एवं विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा। कथा वाचक भागवत रत्न अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य पं. विमल कृष्ण पाठक महाराज के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा सुनाई जाएगी, जो आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति का अनमोल प्रकाश बिखेरेंगी। कथा के मुख्य यजमान परीक्षित अनचाई राकेश त्यागी वार्ड 12 मेहगांव हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक जागरण लाएगा तथा सामाजिक एकता को मजबूत करेगा।
कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने कलश यात्रा का नेतृत्व करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं दीं तथा स्थानीय विकास के लिए भी आश्वासन दिया। यात्रा में महिलाएं, युवा और बच्चे कलश सिर पर धारण कर नाच-गान करते हुए निकले। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्ति भजनों की गूंज से पूरा इलाका गूंज उठा। कलश यात्रा में पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह मामा, रामदास महाराज, हरिओम दास महाराज भूमिया सरकार, लोकेन्द्र दास महाराज शामिल हुए। भजन संध्या में वृद्धावन की बहिन रिया बृजवासी ने कथा मंच से सुंदर भजन कीर्तन किया, भजन सुन श्रद्धालु भाव विभोर हुए।


