– मन्दिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हवन-पूजन और जवारे विसर्जन हुआ
भिण्ड, 27 मार्च। शहर में नवदुर्गा उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रामनवमी के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने घरों व मन्दिरों मेंं विधि-विधान से भगवान राम का प्रकटोत्सव मनाया, साथ ही मां दुर्गा का पूजन और कन्या पूजन कर नवरात्रि की विदाई दी। उधर मन्दिरों में जवारे चढ़ाए गए और हवन-पूजन के साथ अनुष्ठान आयोजित किए गए।
पिछले नौ दिनों से देवी उपासना का वातावरण बना हुआ था। जगह-जगह दुर्गा सप्तशती, दुर्गा चालीसा और देवी भागवत के पाठ के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालु उपवास रखकर शक्ति की साधना में लीन रहे। शनिवार को रामनवमी के दिन इन व्रतों का पारायण कन्या पूजन और कन्या भोज के साथ किया गया। घर-घर में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया गया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद लिया गया। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। उन्होंने मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
जिले और शहर के भवानीपुरा माता मन्दिर, काली माता मन्दिर, शीतला माता मन्दिर, पावई वाली माता मन्दिर, मंगला देवी मन्दिर और संतोषी माता मन्दिर सहित सभी मन्दिरों में विशेष सजावट की गई थी, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मन्दिरों के साथ ही घरों में भी हवन-पूजन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। कई स्थानों पर लांगुरिया और भजन-कीर्तन का आयोजन कर भक्तों ने भक्ति भाव से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
लहार में निकली शोभायात्रा
रामनवमी के अवसर पर सकल हिंदू समाज, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भिण्ड के लहार कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जानकारी देते हुए नितीश भारद्वाज ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ बस स्टैण्ड से भगवान श्रीराम की आरती-पूजन के साथ हुआ। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने भगवान राम के आदर्शों को अपनाने और समाज में जागरूकता लाने का आह्वान किया। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति गीत, जयकारों और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा, जिससे शहर राममय नजर आया।


