– आर्य ने किया शुभारंभ, जिला प्रभारी पटेल के संबोधन के साथ हुआ समापन
भिण्ड, 22 मार्च। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के कौशल विकास हेतु आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण महा-अभियान 2026 का सफलता पूर्वक समापन हो गया। इस कार्यक्रम में मण्डल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जहां उन्हें आगामी राजनैतिक चुनौतियों और पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया गया।
प्रथम दिन प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनैतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार परिवार है। उन्होंने सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया।
अभियान के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के उपयोग, बूथ प्रबंधन और केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम का विधिवत समापन जिला प्रभारी हमीर पटेल के संबोधन के साथ हुआ। पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि प्रशिक्षण ही वह आधार है जो एक सामान्य कार्यकर्ता को कुशल नेतृत्वकर्ता बनाता है। आगामी चुनावों और सांगठनिक कार्यों में इस प्रशिक्षण की झलक दिखनी चाहिए।


