– लहार और मिहोना में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण
भिण्ड, 22 मार्च। लहार एसडीएम विजय सिंह यादव ने शनिवार की शाम क्षेत्र की गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए इंडेन और भारत गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। लहार और मिहोना में हुई इस कार्रवाई से गैस एजेंसी संचालकों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने न केवल स्टॉक रजिस्टर खंगाला, बल्कि सुरक्षा मानकों की भी कड़ी जांच की।
एसडीएम विजय सिंह यादव ने गैस गोदामों में पहुंचकर वहां रखे सिलेण्डरों की संख्या का रिकार्ड से मिलान किया। वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने संचालकों को सख्त निर्देश दिए। सुरक्षा के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए एसडीएम ने एक एजेंसी पर खुद खड़े होकर फायर फाइटिंग सिस्टम को चलवाकर देखा, ताकि आपात स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी
एजेंसी संचालकों को कड़े शब्दों में हिदायत देते हुए एसडीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित सरकारी रेट पर ही सिलेण्डर दिया जाए। बुकिंग के बाद तय समय सीमा के भीतर डिलीवरी सुनिश्चित हो। गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुनी समस्याएं, केवाईसी की अपील
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वहां मौजूद उपभोक्ताओं से भी सीधा संवाद किया। बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों पर उन्होंने कहा कि सिस्टम की समस्याओं को जल्द ठीक कर लिया जाएगा, लोग धैर्य रखें क्योंकि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करवा लें, ताकि भविष्य में गैस सप्लाई या सब्सिडी में कोई बाधा न आए।
इनका कहना है:
‘प्रशासन की प्राथमिकता उपभोक्ताओं को बिना परेशानी के गैस उपलब्ध कराना है। वितरण प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।’
विजय सिंह यादव, एसडीएम लहार


