– नमाज के बाद एक-दूजे के गले मिले
भिण्ड, 21 मार्च। करीब एक माह तक चले पवित्र रमजान के समापन पर ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया गया। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने रोजा रखकर इबादत की और आत्मशुद्धि का संदेश दिया। जिले में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मस्जिदों और ईदगाहों पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की और देश में अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों, मदरसों और ईदगाहों पर सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ी। हर स्थान पर नमाज का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया था, जिसके अनुसार लोगों ने अनुशासित तरीके से इबादत की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे शहर में भाईचारे का माहौल देखने को मिला। ईद के मौके पर शहर काजी इरफान नवी ने कहा कि रमजान सब्र, त्याग और इबादत का महीना है, जो इंसान को सही राह पर चलने की प्रेरणा देता है।
ईदगाह पर भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह भी पहुंचे और उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की बधाई देते हुए उनके हालचाल जाने। त्योहार को लेकर शहर में खासा उत्साह रहा। लोग नए कपड़े पहनकर नमाज अदा करने पहुंचे, वहीं बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद युवाओं ने एक-दूसरे को बधाई दी, जबकि बुजुर्गों ने रिश्तेदारों और परिचितों को फोन व घर जाकर शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से नमाज संपन्न कराई गई।
कांग्रेस ने दी ईद उल फितर की मुबारकबाद
ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने ईद-उल-फितर पर शहर के ईदगाह में मुस्लिम समुदाय के लोगों से गले मिलकर मुबारकबाद दी। इस अवसर पर कांग्रेस संगठन महासचिव महेश जाटव, एडवोकेट नरोत्तम सिंह नरवरिया, अरविन्द यादव, अभिलाख यादव, विवेक जामौर, प्रमोद बघेल सहित कांग्रेसजन एवं मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद थे।


