– पांच दिन पहले हैदराबाद से आया था भिण्ड
भिण्ड, 21 मार्च.मनीष दुबे। देहात थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव में शुक्रवार की रात 35 साल के युवक ने कट्टे से फायर कर अपनी गर्दन उड़ा ली। गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद मां और भाई उसके पास पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम रवि शाक्य है। वह हैदराबाद में किसी होटल में काम करता था। पांच दिन पहले ही वहां से फसल काटने के लिए लौटा था। उसके भाई मुकेश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह मेरे साथ फसल काटने गया था। वहां से लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। इसके बाद रात में गोली चलने की आवाज आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमरा खुला हुआ था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। युवक हैदराबाद में खाना डिलीवर करने का काम करता था। शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। बताया गया है कि करीब एक माह पहले उसकी साली की सगाई हुई थी, इसलिए उसकी पत्नी मायके में थी। घटना की खबर मिलते ही वह ससुराल लौट आई।


