– एण्डोरी थाना क्षेत्र के चिराई भौनपुरा गांव का मामला
भिण्ड, 26 फरवरी। जिले के एण्डोरी थाना क्षेत्र के चिराई भौनपुरा गांव में शराब के नशे में शुरू हुए विवाद ने दूसरे दिन हिंसक रूप ले लिया। करीब दो दर्जन लोगों ने एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को जांच के बाद नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार प्रदीप खटीक कथित रूप से शराब के नशे में भगवान सिंह के घर पहुंचा और वहां बंधा बकरा खोलकर ले जाने लगा। परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और कहासुनी हो गई। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था। बताया जा रहा है कि प्रदीप खटीक अपने साथ उन्हीं लोगों को लेकर दोबारा भगवान सिंह के घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों से लैस थे और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में भगवान सिंह उम्र 55 वर्ष, वीरपाल 30 वर्ष, संजू 35 वर्ष, सोनी 25 वर्ष और लवकुश 20 वर्ष घायल हो गए। घायलों को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल पक्ष ने प्रदीप खटीक, जंडेल खटीक, मूलचंद खटीक, दिलीप खटीक, शेबू खटीक और आशू खटीक सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी परशुराम सिंह अहिरवार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


