– योशादा मन्दिर पर हुआ शिव-पार्वती विवाह का आयोजन
भिण्ड, 15 फरवरी। शिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर में भगवान शिव की बरात हर्षोल्लास से निकाली गई। इस दौरान पूरा नगर शिवभक्ति के रंग में डूबा नजर आया। बरात यशोदा माता चौक मोहल्ला से प्रारंभ हुई जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई मां यशोदा देवी के मन्दिर पर पहुंची। जहां शिव-पार्वती के विवाह का आयोजन किया गया।
शिव बारात में भगवान शिव की मनमोहक झांकी के साथ-साथ विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बारात में शामिल अघोरी नृत्य और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त जमकर थिरकते नजर आए, नगर के प्रमुख चौराहों और गलियों में स्थानीय निवासियों द्वारा बारात पर फूलों की बारिश की गई। नगर की गल्ला मंडी पर गल्ला व्यपारी अंकित गुप्ता, भैया गुप्ता, संजय गुप्ता, सोनू गुर्जर ने बरात की अगवानी कर भोलेनाथ का तिलक कर आरती कर सभी बरातियों को स्वल्पाहार कराया। वहीं थाने पर थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने पुलिस बल के साथ बरात की अगवानी कर भगवान शंकरजी का तिलक कर उनकी आरती उतारी। इसके पश्चात सभी बरातियों को शरबत के साथ स्वल्पाहार कराया गया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और भक्तों द्वारा शरबत, फल और प्रसादी के स्टाल लगाए गए थे। द्वार-द्वार पर रंगोली सजाकर और आरती उतारकर भोलेनाथ की बारात का अभिनंदन किया गया। सुरक्षा और व्यवस्था श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहा, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। दबोह की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रतीक है कि श्रद्धा जब चरम पर होती है, तो हर कंकर में शंकर नजर आते हैं।


