– छात्र-छात्राओं को कराया कृषि उपज मण्डी मेहगांव में शैक्षणिक भ्रमण
भिण्ड, 15 फरवरी। मप्र जन अभियान परिषद (योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मप्र शासन) विकास खण्ड मेहगांव के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसब्ल्यू पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं को कृषि उपज मण्डी कार्यालय मेहगांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। जिसमें मण्डी बोर्ड से दिग्विजय सिंह भदौरिया, मैनेजर मार्केटिंग सोसाइटी कुलदीप धाकड़ एवं जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि व्यवस्था की जमीनी हकीकत से परिचित कराना और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देना था। शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को कृषि अर्थव्यवस्था की समझ विकसित होती है। कृषि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान मण्डी समिति के अधिकारी दिग्विजय सिंह भदौरिया ने छात्र-छात्राओं को किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजना, मंडी की कार्यप्रणाली तथा कृषि विपणन तंत्र के महत्व से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कृषि मण्डी किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने का सशक्त माध्यम है। मंडी केवल खरीद-बिक्री का स्थान नहीं, बल्कि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का केन्द्र है। मंडी बोर्ड द्वारा कृषि उपज को पारदर्शी एवं सुरक्षित खरीद-फरोख्त सुनिश्चित करना है। इससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त होता है छात्रों को डिजिटल कृषि विपणन प्रणाली, ई-मंडी, ई-उपार्जन, एमपी फार्मर गेट, राष्ट्रीय कृषि बाजार, मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना, किसानों को डिजिटल भुगतान प्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए कहा किसानों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान मिलता है।
मैनेजर मार्केटिंग सोसाइटी कुलदीप धाकड़ ने छात्रों को मार्गदर्शित करते हुए बताया सहकारिता किसानों के आर्थिक, सामाजिक और कृषि विकास का मजबूत माध्यम है, सहकारी समितियां किसानों को सस्ती ऋण सुविधा, खाद-बीज उपलब्धता, फसल क्रय, भण्डारण और विपणन आदि सेवाएं प्रदान करती हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, सहकारी विपणन एवं समर्थन मूल्य आदि योजनाओं पर जानकारी देते हुए कहा कि सहकारिता किसानों की आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत कड़ी है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मण्डी परिसर का विस्तृत निरीक्षण कराया गया। संवाद के दौरान अधिकारिओं ने छात्रों की जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों का समाधान किया गया। इस दौरान परामर्शदाता अनिल शर्मा, कृष्णा बंसल, रानी शर्मा, राकेश श्रीवास, राजाबेटी, मधु श्रीवास, रचना गोस्वामी, माधुरी, कविता, श्रृष्टि, प्रियंका मार्य, सतेन्द्र, राहुल, रघुराज, प्रीति कटारे आदि सीएमसी एलडीपी के छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित थे।


