-सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 12 फरवरी। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गुड्डू वाल्मीकि एडवोकेट ने नगर पालिका गोहद में सफाई कर्मचारियों की बैठक लेकर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सीएमओ की अनुपस्थिति में इंजीनियर अमित त्यागी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से वाल्मीकि ने बताया है कि नगर पालिका गोहद में सफाई कर्मचारियों को समय से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण सफाई कर्मचारियों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ता है तथा दैनिक वेतन भोगी सफाई कर्मचारियों को अप्रैल 2024 मे महंगाई भत्ता में श्रम विभाग द्वारा की गई वृद्धि का सफाई कर्मचारियों को विलंब से लाभ दिए जाने पर एरियर का भुगतान नहीं किया है तथा सफाई कर्मचारियों को ईपीएफ एवं जीपीएफ की राशि जमा कराने, सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण मुहैया कराने तथा सफाई कर्मचारीयों को ई-अटेंडेंस से छूट प्रदान करने की मांग।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा अगर समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उच्च अधिकारियों से शिकायत सक्षम न्यायालय में याचिका दायर करेंगे। इंजीनियर अमित त्यागी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को आश्वासन दिया है कि सीएमओ से चर्चा कर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। इस मौके पर रामौतार, कैलाश, कल्लू, केशव, अशोक, जीतू, संजू, चंदू, आदि सैकड़ों पुरुष एवं महिला सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

