भिण्ड, 03 फरवरी। लहार क्षेत्र की सामाजिक संस्था स्व. विद्यादेवी लल्ला प्रसाद झा शिक्षा प्रसार समाजसेवा समिति द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय योजनांतर्गत ग्राम पंचायत छिदी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें ब्लॉक समन्वयक सुनील चतुर्वेदी ने शासन की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। बैठक के पश्चात ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक रैली का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, सीएमसी एलडीपी के छात्र और परामर्शदाता उपस्थित रहे। संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों को मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में जयनारायण श्रीवास्तव, विनय झा एडवोकेट, रामा सिंह परिहार, हिमांशु सिंह राजावत, शिवकुमार श्रीवास्तव एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार द्वारा शिक्षक प्रशिक्षण/ सह योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर 15 से
भिण्ड। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार द्वारा 15 फरवरी से भिण्ड में 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण/ सह योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दिलीप बघेल ने बताया कि दिनांक 15 फरवरी से 25 दिवसीय योग शिक्षक/ सह योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रत्यक्ष एवं ऑनलाईन माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण हेतु पंजीयन कराना आवश्यक है, बिना पंजीयन के किसी को भी प्रशिक्षण नहीं दिया जाएगा। जो भाई प्रशिक्षण लेना चाहते हैं वह मोबाइल नं. 8839673435 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।


