– ग्रामोदय से अभ्युदय अंतर्गत सेक्टर स्तरीय ग्रामोत्सव संगोष्ठी आयोजित
भिण्ड, 31 जनवरी.मनीष दुबे। मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव द्वारा चयनित नवांकुर संस्था तन्मय युवक मंडल एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति के संयुक्त तत्वावधान में ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र कार्यक्रम शा. उमावि मेहगांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा एवं योगेश सिंह राठौड़, केपी खरे, बच्चन सिंह नरवरिया, निर्भय सिंह तोमर, राजबहादुर सिंह, शिवकुमार नारोलिया सहित अन्य शिक्षक एवं बालक-बालिकाएं उपस्थित रहीं। अतिथियों ने भारत माता का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान हमें सिखाता है कि जब तक गांव और युवा मजबूत नहीं होंगे, तब तक देश प्रगति नहीं कर सकता। आप विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा बनें। नशा मुक्त रहकर आप न केवल अपना भविष्य उज्ज्वल करेंगे, बल्कि अपने परिवार और गांव को भी सही दिशा देंगे। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव, समाज और देश के सर्वांगीण विकास का संकल्प है। इस अभियान का मूल मंत्र गांव का उदय है। आप सभी देश का भविष्य हैं। आपकी ऊर्जा, आपकी सोच और आपके निर्णय ही आने वाले भारत की दिशा तय करेंगे। नशा चाहे तंबाकू का हो, शराब का हो या किसी अन्य पदार्थ का यह शरीर को खोखला करता है, परिवार को तोड़ता है और समाज को कमजोर बनाता है। नशे की शुरुआत अक्सर मजाक या दोस्ती के नाम पर होती है, लेकिन अंत में यह जीवन की सबसे बड़ी भूल बन जाती है। अंत में सभी छात्रों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन रामशरण शर्मा एवं आभार मुकेश कर्ण ने व्यक्त किया।


