– आलमपुर में विद्युत विभाग ने निकाली जागरूकता रैली
भिण्ड, 09 जनवरी। मप्र विद्युत वितरण कंंपनी के निर्देशानुसार विद्युत मंडल कार्यालय आलमपुर ने शुक्रवार को आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र में समाधान योजना 2025-26 को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया है। इस दौरान बिजली बिल बकायादारों को मप्र सरकार शासन की समाधान योजना की जानकारी देकर इस योजना का लाभ लेने की अपील की गई है। इस अवसर पर विद्युत वितरण कंपनी के एक दर्जन से अधिक कर्मचारी मौजूद थे।
विद्युत मंडल कार्यालय आलमपुर में पदस्थ जूनियर इंजीनियर अशोक कुमार डाबर ने बताया कि समाधान योजना के प्रथम चरण की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। इस योजना के अंतर्गत बिजली बिल बकायादारों को सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जो विद्युत उपभोक्ता सरचार्ज के कारण या अन्य किसी कारण से बिजली बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं। वह विद्युत उपभोक्ता शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अपने बिजली बिलों की बकाया राशि जमा कर सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक की छूट का लाभ ले सकते हैं। बकायादारों को बिजली बिल जमा करने हेतु एकमुश्त या फिर किस्तों में भुगतान करने का भी विकल्प दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल बकायादारों को प्रदेश सरकार की इस योजना से बड़ी राहत मिलेगी। वह इस योजना का लाभ उठाएं।


