– एमपीआईआईडीसी संभागीय प्रबंधक पहुंचे मौके पर, प्रोजेक्ट की दी जानकारी
भिण्ड, 29 दिसम्बर.मनीष दुबे।
संत समाज ने सोमवार को ग्वालियर-भिण्ड-इटावा सिक्स लेन हाईवे के निर्माण, सड़क हादसों पर रोक और प्रस्तावित गौ अभ्यारण की मांगों को लेकर मालनपुर बरेठा टोल प्लाजा पर जय श्रीराम के नारों के साथ धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम से पूर्व हाईवे पर अभी तक दुर्घटनाओं में मृत हुए लोगों की आत्म शांति हेतु 2 मिनट का मौन धारण किया गया।
रोड नहीं तो टोल नहीं, थीम पर सांकेतिक टोल फ्री आंदोलन लगाकर टोल प्लाजा को कुछ देर के लिए टोल मुक्त कर दिया गया। संतो द्वारा किया गया यह आंदोलन मानव जीवन एवं गौवंश की रक्षा के लिए था, जिसमें संत कालिदास महाराज, दंदरौआ धाम के महंत रामदास महाराज, शनिदेव मन्दिर से शिवराम त्यागी ने धरना प्रदर्शन में इन मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर मप्र विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्षा कटारे भी धरने को समर्थन देने पहुंचे।
एमपीआईआईडीसी संभागीय प्रबंधक विकास ग्वालियर राजेश दायरा ने संतों का आशीर्वाद लेते हुए जानकारी दी कि ग्वालियर भिण्ड इटावा हाईवे 719 का फोर लाइन बनाने का जो कार्य है, उसकी लागत 3700 करोड़ रुपए है, जिसमें जिला भिण्ड एवं ग्वालियर के 3200 किसानों की 300 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की जानी है। इस हाईवे की लंबाई 116 किमी है, जिसकी हमारे विभाग द्वारा कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है। राज्य सड़क मंत्रालय द्वारा प्लानिंग वर्ष 2025-26 तक यह कार्य होना था जो कि अभी की स्थिति को देखते हुए 3 माह पहले ही दिसंबर 25 में ही डीपीआर का कार्य पूर्ण कर क्षेत्रीय अधिकारी भोपाल को भेज दिया गया है। परंतु इसमें सबसे महत्वपूर्ण जमीन अधिग्रहण है, जिसमें ग्वालियर जिला अधीक्षक एवं भिण्ड जिला अधीक्षक तीव्र गति से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द ही भूमि अधिग्रहण करने को आदेशित किया, जिसमें समय लगभग 6 से 7 माह में भूमि अधिग्रहण का कार्य पूर्ण हो जाएगा। उसके उपरांत ही सड़क निर्माण कार्य चालू होगा। प्रशासन द्वारा इस निर्णय को सुनने के बाद संत समाज का प्रदर्शन पूर्ण हुआ। इस अवसर पर जिला व गोहद तहसील का पुलिस और प्रशासन मौजूद रहा।
हम संतों के इस आंदोलन में पूर्ण रूप से सहमत : कटारे
मप्र विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष एवं विधायक हेमंत कटारे ने बरेठा टोल प्लाजा पर चल रहे आंदोलन को समर्थन दिया। संतों द्वारा आज एक दिवसीय बरेठा स्तिथि टोल प्लाजा पर नो टोल, नो रोड के नाम से आंदोलन किया जा रहा है। कटारे ने कहा कि इस मुद्दे को राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों को इस हाइवे के लिए संघर्ष करना चाहिए, इस हाइवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, कई घरों के चिराग बुझ गए, लोगों ने इस हाईवे को मौत का हाईवे का नाम दे दिया है। बड़ी शर्म से कहना पड़ रहा है कि आज हमारे संतो को इसके लिए धरना और भूख हड़ताल करनी पड़ रही है, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नही रेंग रही। कई बार घोषणाओं के बाद भी आज तक इस हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य नहीं किया जा सका। हमें बड़ी शर्म महसूस होती कि जो काम जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए उस काम के लिए हमारे ईश्वर स्वरूपीय संतों को आंदोलन करना पड़ रहा है। हमारे द्वारा इस हाइवे के चौड़ीकरण को लेकर विधानसभा में भी पटल पर रखा गया, लेकिन सरकार किसी भी सवाल का जबाब नहीं देना चाहती, हम सदैव संतों के साथ खड़े हैं, जब भी हमारी आवश्यकता पड़ेगी हम इस आंदोलन में संतों के साथ खड़े होकर इस हाइवे के चौड़ीकरण को करवाकर ही रहेंगे।


