– परहित समाजसेवा संस्था और लैंडस्टेक की नई पहल
मालनपुर, 29 दिसम्बर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में परहित समाजसेवा संस्था ने प्रोजेक्ट सजग और लैंडस्टेक की साझेदारी में सिंघवारी, लेहचुरा का पुरा व एकहरा गांवों में 83 परिवारों को पोषण वाटिका के लिए कृषि बीज वितरण किया गया। इस अवसर पर शिक्षिका दीपा भदौरिया, विक्रम सिंह गुर्जर, एकता भदौरिया, जन शिक्षक शिवाकांत शर्मा एवं संस्था से डायरेक्टर राघवेन्द्र सिंह राजावत, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु सिंह राजावत, प्रोजेक्ट सुपर बाईजर रेखा भदौरिया, फैसिलिटेटर अरुणा धाकड़, वार्ड 8 के पार्षद होतम सिंह एवं क्लब के बच्चों द्वारा बीज वितरण किया गया। गांव के लोगों ने इस कार्य को सराहनीय बताया।
संस्था के डायरेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने हर घर पोषण वाटिका का उद्देश्य बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को घर पर ताजी, पोषण युक्त सब्जियां उगाने में सहायता देना और स्थानीय जैव विविधता (बायोडायवर्सिटी) को बढ़ावा देना है। जैव विविधता खेती के पारिस्थितिक संतुलन, मिट्टी की उर्वरता, परागण और पोषण सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे वे अपने खाने में केमिकल मुक्त सब्जियां शामिल कर सकते हैं और पोषण संबंधी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे। परहित समाजसेवा संस्था और लैंडस्टेक के प्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को पोषण वाटिका की देखभाल, जैव विविधता अनुकूल खेती और सर्वोत्तम कृषि तकनीकों के बारे में उपयोगी जानकारी भी दी। यह पहल ग्रामीण समुदायों में पर्यावरण-अनुकूल कृषि, पोषण सुरक्षा और स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।


