भिण्ड, 27 दिसम्बर.मनीष दुबे ।
स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय आलमपुर के विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महाविद्यालय के 50 विद्यार्थियों ने मालनपुर स्थित गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड फैक्ट्री और वीआरएस फूड लिमिटेड (पारस) का भ्रमण कर औद्योगिक वातावरण को निकट से देखा तथा उत्पादन प्रक्रिया, औद्योगिक लाभ, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रबंधन प्रणाली एवं औद्योगिक कार्य संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की है।
औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के कक्षा-कक्षीय ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना, उद्योगों में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर की संभावनाओं से अवगत कराना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं कार्यकुशलता का विकास करना रहा। गोदरेज फैक्टरी के एच आर अभिषेक प्रियदर्शी एवं सतरूपा सेन गुप्ता एवं उनके प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों का अवलोकन कराया गया तथा आधुनिक तकनीकों एवं सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने इस औद्योगिक भ्रमण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञान वर्धक बताया तथा भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की है। इस शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का मार्गदर्शन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. भगवान सिंह निरंजन के संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक धर्मवीर सिंह भदौरिया रहे, जिनके नेतृत्व में संपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। भ्रमण में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ.मंदाकिनी शर्मा, डॉ.कुलदीप शर्मा, जीपी कुशवाहा एवं रामकुमार साथ रहे।


