– लापरवाह महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कोटवार का वेतन राजसात
भिण्ड, 20 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में 4 दिसंबर तक प्रत्येक मतदाता को गणना फार्म अनिवार्य रूप से भर कर देना है, विशेष गहन पुनरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य यह है कि एक व्यक्ति संपूर्ण भारत में किसी एक ही जगह पर मतदाता के रूप में दर्ज हो सकता है अन्यत्र नहीं। इसी क्रम में लहर एसडीएम ने ग्राम मछण्ड, ढोंचरा, इटाउली, इमलाहा, काथा, राहवली उवारी एवं मिहोना मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया।
एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने मतदाताओं से भी बात की एवं उन्हें बताया कि जितनी जल्दी हो सके अपने मतदाता गणना फार्म को बीएलओ की सहायता भरकर उसे अपने बीएलओ के पास तत्काल जमा कराएं एवं पावती अपने पास रखें। उन्होंने बताया कि जागरुक एवं शिक्षित मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वेबसाइट से भी मतदाता सूची 2003 की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उक्त गणना पत्रकों का वितरण कार्य से लेकर पुन: प्राप्त करने एवं उसे डिजिटाइज्ड करने में शिक्षा विभाग के शिक्षक, आंगनबाड़ी सुपर बाईजर, कार्यकर्ता, राजस्व विभाग के पटवारी, कोटवार, ब्लॉक स्तरीय राजपत्रित अधिकारी सुबह से लेकर रात तक लगे हुए हैं, ताकि 4 दिसंबर के पूर्व लहार क्षेत्र के समस्त मतदाताओं के गणना फार्म यथासंभव भरकर प्राप्त कर लिए जाए, कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए एवं अपात्र व्यक्ति जोड़ने ना पाए यह कवायद जारी है।
लापरवाह कर्मचारियों का वेतन किया राजसात
सुबह आठ बजे से ही एसडीएम कार्यालय में कार्यरत कॉल सेंटर द्वारा समस्त विभागों के कर्मचारियों को फोन कर उनकी उपस्थिति गूगल लोकेशन लेने का काम प्रारंभ हो जाता है। ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बीएलओ सुपर वाईजरों द्वारा मॉनिटरिंग करते हुए सुबह 8 बजे से ही गणना फार्म के संकलन एवं डिजिटाइजेशन का काम आरंभ हो जाता है। इतनी कवायत के बाद भी कुछ कर्मचारी ऐसे हैं। जो गंभीर लापरवाह श्रेणी के हैं। इसी क्रम में लापरवाह महिला बाल विकास सुपर वाईजर ज्योति तोमर द्वारा निर्देशों के बावजूद क्षेत्र का भ्रमण नहीं किया गया।
परियोजना अधिकारी अजयदेव जाटव ने बताया कि सुपर वाईजर केन्द्रों पर नहीं पहुंची है, जब सुपर बाईजर से गूगल लोकेशन मांगी गई, तो उसके द्वारा प्रदान नहीं की गई। अत: लापरवाह पर्यवेक्षक ज्योति तोमर प्रकार कार्रवाई करते हुए मप्र सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम 3 के प्रावधानों के तहत एसडीएम ने माह नवंबर का सात दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश परियोजना अधिकारी अजय देव को दिए। वही ग्राम जमुहा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गुल्लू राजावत एवं अरुण राजावत निर्देशों के बावजूद विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य से अनुपस्थित रही एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राजेश गुनकर द्वारा भी वरिष्ठ अधिकारियों से अभद्र व्यवहार एवं कार्य में लापरवाही के चलते तीनों कार्यकर्ताओं का सात-सात दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश परियोजना अधिकारी लहार को दिए।
लापरवाह पटवारियों का भी हुआ वेतन
वही तहसीलदार दीपक शुक्ला के क्षेत्र भ्रमण के दौरान लापरवाह पटवारी एवं कोटवार अनुपस्थित पाए गए जिनमें पटवारी हेमंत शर्मा, उमाशंकर नरवरिया, विजय तोमर, कमलेश गोले ,बेताल सिंह पर कार्रवाई करते हुए उक्त पटवारियों का 7-7 दिवस का वेतन राजसात करने एवं कोटवार इन्द्रपाल सिंह ग्राम रुरई का 10 दिन का वेतन राजसात के निर्देश तहसीलदार लहार को दिए।
एसडीएम लहार विजय यादव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन के क्रम में बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन का कार्य चल रहा है। जिसके क्रम में 4 दिसंबर तक सभी कर्मचारी और अधिकारियों के समस्त प्रकार के अवकाशों पर रोक लगा दी गई है। यहां तक की शनिवार एवं रविवार के अवकाश में भी सभी कर्मचारी पहुंच कर गणना पत्रकों को भरवाने का कार्य करेंगे, लापरवाही करने पर कर्मचारियों पर वेतन राजसात करने से लेकर निलंबन एवं अन्य गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगीं।


