– पिपरौली से फेरा करने सायना जा रहा था युवक
भिण्ड, 20 नवम्बर। मेहगांव थाना क्षेत्र के कोंहार मोड़ पर एक बाइक सवार को रोककर उस पर सवार युवक को गोली मार दी। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे तुरंत ग्वालियर रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक दोपहर दो बजे पिपरौली गांव निवासी नरेन्द्र सिंह उर्फ नंदू गौर उम्र 45 साल सायना गांव में अपने समधी के यहां फेरे में शामिल होने जा रहे थे। बाइक जैसे ही कोंहार मोड़ के पास पहुंची, तभी गांव के ही चार लोगों ने उन्हें घेर लिया। नरेन्द्र के भाई जवाहर सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि जोगेन्द्र सिंह गौर, राजेन्द्र गौर, मुन्ना गौर और ऋषि गौर पहले से वहां घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही नरेन्द्र वहां पहुंचे, आरोपियों ने उनकी बाइक रुकवाई और एक आरोपी ने 315 बोर की बंदूक से फायर कर दिया। गोली सीधे नरेन्द्र के जबड़े और चेहरे पर लगी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि आरोपियों और नरेन्द्र सिंह के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, उसी रंजिश में हमला किया गया है। वहीं मेहगांव टीआई महेश शर्मा ने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है, पुलिस जांच कर रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

