– वन रक्षक ने पेट्रोलिंग के दौरान देखा
भिण्ड, 19 नवम्बर। जिले के डिड़ी गांव के पास क्वारी नदी के बीहड़ में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वन विभाग के जवान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम हाउस में पहचान के लिए रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर वन विभाग के जवान हरीश भदौरिया डिड़ी परिक्षेत्र में क्वारी नदी के जंगल में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जंगल के बीच एक बुजुर्ग का शव नजर आया। मृतक की उम्र लगभग 65 साल बताई जा रही है। शव के पास एक लेडीज स्टॉल भी पड़ा मिला है। बॉडी पूरी तरह नग्न अवस्था में पड़ी हुई थी, उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। जवान ने तुरंत देहात थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्ट मार्टम हाउस भिजवाया, जहां उसे शिनाख्ती के लिए फ्रीजर में रखा गया है।
देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच की जाएगी।


