– शीशम की लकड़ी से भरा ट्रैक्टर भी पकड़ा
भिण्ड, 31 अक्टूबर। अटेर में वन विभाग की टीम ने बीती रात सड़क निर्माण के लिए किए जा रहे अवैध मिट्टी उत्खनन में उपयोग हो रहे एक डंपर और जेसीबी मशीन को जब्त किया है। वहीं सुबह के समय टीम ने शीशम की लकड़ी से भरा एक ट्रैक्टर भी पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात्रि करीब 8 बजे वन विभाग को सूचना मिली कि अटेर वन परिक्षेत्र की खिलची बीट में पिछले कई दिनों से मिट्टी का अवैध उत्खनन चल रहा है। बताया गया कि यह मिट्टी एक निर्माण एजेंसी द्वारा बायपास सड़क निर्माण के लिए बिना अनुमति खुदाई की जा रही थी। सूचना मिलते ही फॉरेस्ट टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए जेसीबी व डंपर को जब्त कर लिया। इसके अलावा शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम ने अटेर रोड पर मुडिय़ा खेड़ा चौराहा के पास एक ट्रैक्टर को शीशम की लकड़ी से भरा हुआ पकड़ा। टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए वाहन को वन विभाग कार्यालय में विधिवत रूप से रखवाया गया है और कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में अटेर वन परिक्षेत्र अधिकारी कृतिका शुक्ला के निर्देशन में उडऩ दस्ता प्रभारी मनभावन सिंह परमार, दुर्गेश सिंह राजावत, सूर्यप्रताप सेंगर, सुनील शर्मा, नीरज शर्मा, सुरेश अटल और संजय तिवारी शामिल रहे।


