– गोरमी के महदोली बंबा के पास हुई दुर्घटना
भिण्ड, 29 मार्च। गोरमी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में मोटर सायकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार राहुल पुत्र ज्ञानसिंह उम्र 20 वर्ष और आकाश सिंह पुत्र शिवनारायण सिंह सकवार उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम सुनारपुरा (कुंदनपुरा) शनिवार रात करीब 9 बजे मोटर साइकिल से पोरसा की ओर से अपने गांव के लिए वापस लौट रहे थे। इसी दरम्यान गोरमी के महदोली बंबा के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना में आकाश सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत नाजुक होने पर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई। रविवार को पुलिस ने मृतक का पोस्ट मार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। गोरमी थाना पुलिस अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


