– पीड़ित बोला-4 माह का समय बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं, आरोपी पर राजीनामा करने का बना रहे दबाव
भिण्ड, 22 मार्च। जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरौली निवासी एक पीड़ित ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर एसपी डॉ. असित यादव से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पीड़ित नरेन्द्र सिंह गौर ने एसपी डॉ. असित यादव को दिए आवेदन में बताया कि 9 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे वह मेहगांव से अपने गांव पिपरौली लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही योगेन्द्र सिंह गौर उसे मिले और किसी कार्य के बहाने अपने साथ ले गए। पीड़ित के अनुसार आरोपी अपने साथ 306 बोर की बंदूक लिए हुए था। जब दोनों कोहार और धनौती के बीच पहुंचे, तो आरोपी ने बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामला दर्ज, लेकिन गिरफ्तारी नहीं
घटना के संबंध में मेहगांव थाने में अपराध क्र.37/2026 के तहत धारा 109(1), 296(बी) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है। हालांकि पीड़ित का आरोप है कि घटना को करीब चार माह बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम गांव में हथियार लेकर घूम रहा है तथा उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहा है। इतना ही नहीं, पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
नरेन्द्र सिंह गौर के अनुसार वह आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर 8 से 10 बार लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने पुलिस पर आरोपी से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
एसपी से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने एसपी डॉ. असित यादव से मांग की है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर उसके पास से हथियार बरामद किया जाए तथा न्यायालय में चालान पेश किया जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।


