– त्रिपुरा में 574.2 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे उदघाटन एवं शिलान्यास
– अगरतला में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उदघाटन करेंगे सिंधिया
– 78.53 करोड़ की अगरवुड परियोजनाओं का उदघाटन तथा 276.78 करोड़ की माताबाड़ी पर्यटन परिपथ परियोजना का शुभारंभ
– बांस परियोजनाओं का शिलान्यास/ उदघाटन एवं गुवाहाटी विश्वविद्यालय में प्रतिदिन अचीवर अवार्ड्स, 2026 में सहभागिता
नई दिल्ली, 22 जनवरी। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 23 से 25 जनवरी तक त्रिपुरा और असम के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान सिंधिया दोनों राज्यों में विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास कार्यक्रमों तथा क्षेत्रीय दौरे में भाग लेंगे।
अपने प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 23 जनवरी को अगरतला पहुंचेंगे और रवीन्द्र सताबार्षिकी भवन इन्द्रनगर में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उदघाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात सिंधिया अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग तथा अगरतला सरकारी डेंटल कॉलेज का भ्रमण करेंगे और तत्पश्चात वह त्रिपुरा सुंदरी शक्तिपीठ (माताबाड़ी मन्दिर) में दर्शन करेंगे। 24 जनवरी को सिंधिया उत्तर त्रिपुरा जिले के कदमतला का दौरा करेंगे, जहां वह 78.53 करोड़ की अगरवुड (अगर) परियोजनाओं का उदघाटन करेंगे। इसके साथ ही उनाकोटी विरासत स्थल का भी भ्रमण करेंगे।
25 जनवरी को केन्द्रीय मंत्री डुम्बुर में 276.78 करोड़ की लागत वाली माताबाड़ी पर्यटन परिपथ परियोजना का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वह गुवाहाटी, असम प्रस्थान करेंगे, जहां सिंधिया बांस परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उदघाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा गुवाहाटी विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतिदिन अचीवर अवार्ड्स 2026 समारोह में शामिल होंगे।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास, स्थानीय संसाधनों के सशक्त उपयोग, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक-पर्यटन संभावनाओं को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।


