– प्रत्येक नागरिक जागरूक बने अभियान का मुख्य उद्देश्य : भदौरिया
– युवा लिखें विकास की इबारत : मनोज शास्त्री
भिण्ड, 21 जनवरी। ग्रामों के उदय से ही प्रदेश का उदय होगा इसलिए मप्र जन अभियान परिषद द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान प्रशंसनीय है, परिषद की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, छात्र और पूरी टीम इस अभियान को सफल बनाने में जुटी हैं, इसके लिए परिषद को बधाई। यह बात लहार तहसीलदार दीपक शुक्ला ने मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में आयोजित ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के लहार में विकासखण्ड स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, लहर मंडल के भाजपा के कोषाध्यक्ष मनोज शास्त्री, शा. महाविद्यालय के प्राचार्य अंगद दोहरे, समाजसेवी श्यामसुंदर गुप्ता, प्रदीप द्विवेदी, रविकांत, जनपद सदस्य, विकासखंड समन्वयक सुनील चतुर्वेदी, समस्त नवांकुर, प्रस्फुटन संस्थाओं के प्रतिनिधि, छात्र, मेंटर्स, रिसोर्स पर्सन, सीएम इंटर्न सहित अन्य समाजसेवी संगठन मौजूद थे।
दीप प्रज्वलन के बाद लहार के शा. महाविद्यालय सभागार में तहसीलदार ने कहा कि मप्र जन अभियान परिषद द्वारा चलाए जा रहे ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान का संचालन पूरे जिले में किया जा रहा है, यह अभियान 12 से 26 जनवरी तक चलेगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रयास किया गया है कि सभी बिंदुओं को समाहित किया जाए, जिससे लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। जैसा कि आप सभी जानते हैं कि देश की 65 फीसदी आबादी ग्रामों में ही निवास करती है, और जब तक ग्रामों का उदय नहीं होगा मप्र अभ्युदय नहीं होगा। इसलिए आप सभी इस अभियान में पूरी शक्ति के साथ लग जाएं।
भाजपा लहार मंडल के कोषाध्यक्ष मनोज शास्त्री ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान सरकार का महत्वपूर्ण अभियान है। मप्र सरकार का एक और अभियान चल रहा है संकल्प से समाधान अभियान, सही मायने में यह अभियान भी ग्रामोदय के अभियान जैसा ही है, बल्कि एक दूसरे को सहयोग करते हुए अभियान का सफल संचालन करना चाहिए। अंतिम व्यक्ति तक लाभ न पहुंचे वह जागरूक न हो तब तक ऐसे अभियान चलाते रहना चाहिए। जन अभियान परिषद की पूरी टीम को इस अभियान के सफल संचालन के लिए बधाई। युवा इस पूरे अभियान की मुख्य इकाई है, अत: वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए इस अभियान को सफल बनाएं।
जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति को लाभ दिलाना है और अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक करना है, साथ ही पिछले दो वर्षों में सरकार की जो मुख्य उपलब्धियां हैं उन्हें भी लोगों तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इसमें समाज के हर बिंदु को बारीकी से छुआ गया है। वाकई में समाज में इन बिंदुओं पर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस अच्छे अभियान हेतु आपको बधाई भी देती हूं और ग्राम में अच्छे से कार्य करें यह आव्हान भी करती है। उन्होंने कहा कि अब अभियान सेक्टर से ग्राम स्तर तक जा रहा है। आप सभी लोगों को पूरी तन्मयता के साथ इस अभियान को सफल बनाना है।
विकास खण्ड समन्वयक सुनील चतुर्वेदी ने कहा कि जन अभियान परिषद की समस्त इकाईयों के लिए यह कार्य करने का अच्छा अवसर है, वह अपने आप को ग्रामों में कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बना सकती हैं और सरकार की योजनाओं को भी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि मप्र जन अभियान परिषद सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
कार्यक्रम के बाद संकल्प दौड़ का आयोजन भी किया गया। विदित है कि इस अभियान के जरिए परिषद की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के सभी विद्यार्थी एवं परामर्शदाता, परिषद से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा भी सहभागिता की जाएगी। कार्यशाला का संचालन नवांकुर संस्था के धर्मेन्द्र जादौन और आभार प्रदर्शन प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी कौरव ने किया।


