– निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए महत्वपूर्ण निर्देश
भिण्ड, 10 दिसम्बर। सैनिक अधिकारियों तथा एसडीएम गोहद राजन बी. नाड़िया ने मालनपुर में प्रस्तावित सैनिक स्कूल स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थल पर पहुंचकर विस्तृत ग्राउण्ड रिपोर्ट ली तथा निर्माण कार्य को त्वरित गति देने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण होना अनिवार्य है, क्योंकि यह परियोजना भिण्ड क्षेत्र की सर्वाधिक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि के रूप में सामने आएगी।
वर्तमान में देशभर में 33 सैनिक स्कूल संचालित हैं, जिनमें भिण्ड जिले के मालनपुर में बनने वाला 34वां सैनिक स्कूल प्रदेश के गौरव में वृद्धि करेगा। इस विद्यालय में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को सैनिक अधिकारियों के निर्देशन में उच्च स्तरीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। फिलहाल सैनिक स्कूल मालनपुर का निर्माण कार्य प्रचलन में है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। यह महत्वपूर्ण परियोजना मप्र बिल्डिंग डेवलपमेंट की देख-रेख में संचालित हो रही है, जिसका कार्य एजीएम अक्षय गुप्ता एवं आर्किटेक्ट शाश्वत नायडू द्वारा संपादित किया जा रहा है। निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना व्यक्त की गई है।


