– गोहद में किसान सभा का जिला सम्मेलन आयोजित
भिण्ड, 07 दिसम्बर। दिवंगत वरिष्ठ किसान नेता बदन सिंह कुशवाहा की स्मृति में सिमरैया होटल गोहद में रविवार को लक्ष्मी बाई, राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, जगदीश बाबा की अध्यक्षता में 8वां मप्र किसान सभा भिण्ड का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसका उद्घाटन राज्य महासचिव अखलेश यादव ने किया।
इस अवसर पर अखिले यादव ने कहा कि किसान खेतों में खरपतवार जलाने पर उठने वाले धुआं पर डबल इंजन भाजपा सरकार नफरत करती है, इसलिए किसानों के धुआं पर भाजपा सरकार जुर्माना बसूलती है, किसान साल में 10 दिन धुआं फैलाता है, लेकिन 355 दिन देश और समाज को हरियाली देता है, जनता का पेट भरता है, फिर भी किसानों को भाजपा सरकार प्रताड़ित कर रही है, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र, वाहनों से 365 दिन निकलने वाला धुआं जो पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के लिए अधिक हानिकारक है, उस पर सरकार मेहरबान है, यह एक देश में दो तरह के कानून क्यों है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा संसद के शीतकालीन सत्र में कृषि बीज विधेयक एवं बिजली विधेयक 2025 लाने जा रही है, जो किसानों को बर्बाद कर देंगे, इसलिए 8 दिसंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर भिण्ड जिले के एक सैकड़ा से अधिक गांवों में दोनों विधेयकों की प्रतियां जलाई जाएंगी।
सीटू जिला महासचिव अनिल दौनेरिया ने सम्मेलन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और मजदूर दोनों बर्बाद हो रहे हैं। एक से खेत खलिहान छुड़ाए जा रहे हैं तो श्रमिकों, कर्मचारियों को अधिकार विहीन बनाकर गुलाम बनाने वाली 4 श्रम संहिताओं को लागू कर दिया है। महिला समिति नेत्री शोभा माहौर, खेतिहर मजदूर नेता नरेन्द्र सेंगर, एसएफआई के सौरभ शर्मा, नौजवान सभा नेता भूपेन्द्र सिंह गुर्जर ने किसान सभा जिला सम्मेलन में शुभकामनाएं देते हुए सघर्ष में साथ देने का वायदा किया।
27 सदस्यीय नई जिला कमेटी का गठन
जिला सम्मेलन में 27 सदस्यीय नई जिला कमेटी का गठन किया गया। जिसमें जिलाध्यक्ष प्रेम नारायण माहौर, जिला कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, जिला महासचिव राजेश शर्मा, जिला कार्यकारणी महासचिव बीरेन्द्र सिंह कुशवाहा, कोषाध्यक्ष नारायण माहौर, जिला सचिव रसीद खां, अहिवरन मौर्य, नारायण कुशवाहा, ओमप्रकाश बाथम, जिला उपाध्यक्ष राकेश प्रजापति, नारायण शर्मा, जगदीश माहौर, कार्यकारिणी सदस्य गंगाप्रसाद माहौर, जगदीश कुशवाहा, जय सिंह, रामसेवक बाबा, मुन्नालाल कुशवाह, सतीश शाक्य, गंगासिंह कुशवाहा, उमाशंकर कटारे, शिवकुमार शर्मा, देवाराम कुशवाहा, विनोद शाक्य, रानी कुशवाहा निर्वाचित हुए।


