– गोदाम प्रभारी पर गबन का प्रकरण दर्ज
भिण्ड, 28 नवम्बर। जिले में खाद संकट के बीच लहार क्षेत्र के डबल डैक खाद गोदाम में बड़ा घोटाला सामने आया है। सहकारी विपणन संघ की शिकायत पर जांच में पाया गया कि गोदाम से 8 लाख 34 हजार रुपए से अधिक मूल्य की खाद बिना किसी अनुमोदन और बिना वितरण रिकार्ड के गायब है। लहार थाना पुलिस ने गोदाम प्रभारी दीपक शर्मा के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि जिले में पिछले दिनों किसान डीएपी और यूरिया की एक बोरी के लिए घण्टों कतारों में खड़े रहे। इसी बीच खुलासा हुआ कि गोदाम में हजारों बोरी खाद का लेखा-जोखा ही नहीं मिल रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस को शिकायत सही मिली, जिसके बाद केस दर्ज किया गया।
8 हजार बोरी का नहीं मिला हिसाब
लहार एसडीएम विजय सिंह यादव ने कुछ दिन पहले गोदाम का निरीक्षण किया था। जांच में करीब 8 हजार बोरी खाद का रिकार्ड नहीं मिला। इसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और भोपाल से तीन सदस्यीय टीम लहार भेजी गई। जिसके बाद जांच दल ने पाया कि लहार क्षेत्र में 8 हजार से अधिक और जिलेभर में कुल करीब 23 हजार बोरी खाद का रिकार्ड नहीं है। जिला प्रशासन के अनुसार यह अनियमितता बड़ा वित्तीय नुकसान दिखाती है और बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका है।
पुलिस ने केस दर्ज किया
भारी अनियमितताओं के बाद सहकारी विपणन संघ ने आधिकारिक शिकायत पुलिस को दी। लहार थाना प्रभारी शिवसिंह यादव ने कहा कि मामला गंभीर है, गोदाम प्रभारी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है, आगे और नाम सामने आने की संभावना है। पुलिस प्रशासन निरीक्षण रिपोर्ट, स्टॉक रजिस्टर और खाद वितरण रिकार्ड की जांच कर रहा है। घोटाले का खुलासा होते ही किसानों में नाराजगी बढ़ गई है और वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एक अकेले गोदाम प्रभारी ने कैसे गायब की इतनी बोरियां
वहीं मामला काफी हद तक गड़बड़ नजर आ रहा है कि एक गोदाम प्रभारी ने कैसे अकेले इतनी बोरियां गायब कर दीं और किसी को खबर तक नहीं लगी। वहीं अगर लहार स्ष्ठरू अगर उक्त मामले का जांच बारीकी से नहीं करते तो शायद ये घोटाला नजर में ही नहीं आता और घोटालेबाज गोदाम प्रभारी दीपक शर्मा पूरे किसानों को बर्बाद कर अपने चहेतों को ही खाद देता रहता।
मॉनीटरिंग सिस्टम हुआ फैल साबित
खाद वितरण को लेकर जिले का मॉनीटरिंग सिस्टम पूरी तरह से फैल नजर आ रहा है। जब खाद कहां से लोड हुआ और कहां जा रहा है एवं कहां खाली हुआ और कितनी बोरियां पहुंची हैं। जब ये सब ऑनलाइन है तो हजारों बोरियां कैसे गायब हो गईं या वह कौन सा इतना बड़ा हाथ था जो कि एक अदना सा गोदाम प्रभारी दीपक शर्मा इतना बड़ा काण्ड करता रहा और उसके आका उसको संरक्षण देते रहे।


