– पूर्व मंत्री आर्य ने प्रतिमा एवं धर्मशाला हेतु 10 लाख रुपए की घोषणा
भिण्ड, 22 नवम्बर। गोहद नगर में वीरांगना झलकारी बाई की 195वीं जयंती उत्साह, हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के मुख्य मार्गों से भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली की शुरुआत नया बस स्टैण्ड अंबेडकर पार्क से हुई, जो अटल चौक, गंज बाजार, सदर मार्ग, इटायली गेट सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए नया बस स्टैण्ड पर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने झण्डे, बैनर, झांकियां और वीरांगना झलकारी बाई के चित्र के साथ नारे लगाते हुए राष्ट्रभक्ति और महिलाओं के साहस का संदेश दिया। रैली में शामिल वक्ताओं ने वीरांगना झलकारी बाई के शौर्य, त्याग और वीरता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और नगर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान पूर्वमंत्री एवं भाजपा अजा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जब इतिहास पढ़कर देखा तो उसमें हजारों की संख्या में अनुसूचित जाति के महान बलिदानी हुए जिनके नाम तक प्रचलन में नहीं है, आगामी भविष्य में अधिकांश देश प्रेमियों एवं बलिदानियों के चित्र की प्रदर्शनी भी लगाने का प्रयास करेंगे। वहीं माहौर समाज के लिए बनाई जा रही धर्मशाला के लिए एवं गोहद नगर में कहीं भी वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा नहीं है, इसलिए एक प्रतिमा किसी प्रतिष्ठित जगह विराजमान करने हेतु 10 लाख रुपए किसी राज्य सभा सदस्य से दिलाने की घोषणा की और कहा कि यहां मा वीरांगना झलकारी बाई की एक प्रतिमा विराजमान की जाएगी महारानी लक्ष्मी बाई का वीरांगना झलकारी बाई द्वारा हर तरह से सहयोग किया गया। वीरांगना झलकारी बाई तलवार बाजी एवं घुड़सवारी में निपुण थी आज महिला वर्ग भी हर क्षेत्र में अपनी सहभागिता कर रहा है। इसके साथ ही युवाओं को जागरुक करते हुए कहा की सभी लोग अपने-अपने रोजगार हेतु एनजीओ बनाएं एवं उद्योग व्यापार लगाने का काम करें इसके लिए भी हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जयंती समारोह के इस आयोजन ने नगरवासियों में देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम का संचालन बीडी माहोर एवं लालाराम माहोर ने किया।


