– मेहगांव में भागवत कथा के चौथे दिन मना कृष्ण जन्मोत्सव
भिण्ड, 05 अप्रैल। मेहगांव नगर में त्यागी बाग पचैरा रोड दैपुरिया कॉलेज के पास चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस रविवार को कथा वाचक भागवत रत्न व अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य पं. विमलकृष्ण पाठक ने भागवत का महात्म्य बताते हुए वामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्म की कथा एवं नंदोत्सव का वर्णन किया।
श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन करते हुए महाराज ने बताया कि कंस की कारागार में वासुदेव-देवकी के भादों मास की अष्टमी को रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। उनका लालन-पालन नंदबाबा के घर में हुआ था। इसलिए नंदगांव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रीकृष्ण ने अत्याचारी कंस का वध करके पृथ्वी को अत्याचार से मुक्त किया और अपने माता-पिता को कारागार से छुड़वाया। कृष्ण जन्म की खुशी में कथा स्थल को विशेष रूप से सजाकर माखन मिश्री का प्रसाद वितरण किया गया तथा भक्तों ने नाच कूदकर नंदोत्सव मनाया। श्रीमद् भागवत कथा के मुख्य यजमान परीक्षित अनचाई देवी, राकेश त्यागी ठेकेदार निवासी मेहगांव के द्वारा कराई जा रही है। जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा का रसपान करने आते है वहीं सभी भक्तों के लिए प्रतिदिन भंडारा प्रसादी की भी व्यवस्था आयोजकों के द्वारा कराई जा रही हे।


