– मंत्री शुक्ला ने बुजुर्ग जनों का किया सम्मान
भिण्ड, 01 अप्रैल। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में रामलीला मैदान में आयोजित गौरव दिवस सम्मान समारोह ने न केवल वृद्धजनों का सम्मान किया, बल्कि क्षेत्रीय विकास का नया संकल्प भी लिया। समारोह का शुभारंभ श्रीराम चरितमानस एवं हनुमानजी की आरती कर किया गया।
गौरव दिवस सम्मान समारोह के दौरान मंत्री राकेश शुक्ला ने उपस्थित वृद्धजनों का पुष्पवर्षा कर सम्मान किया। समारोह के दौरान वृद्धजनों को श्रीराम चरितमानस, अभिवादन पत्र, तुलसी माला, काउंटर एवं शॉल भेंट की गई। इस दौरान नगर परिषद मेहगांव अध्यक्ष कंचन राठौर, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग भोपाल के कार्यपालन यंत्री अजय शुक्ला, एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री राकेश शुक्ला ने समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विकास, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है। प्रदेश में चल रहे इस अभियान से हम न केवल जल संकट से निपटेंगे, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि यह समारोह न केवल बुजुर्ग जनों का सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि विकास का नया अध्याय भी खोला है।


