– सेल्समेन से मारपीट कर ले गए शराब की पेटियां
भिण्ड, 31 मार्च। जिले के गोरमी थाना क्षेत्र स्थित महुआ चौकी में शराब दुकान को लेकर नए टेंडर के बाद ठेकेदारों के बीच विवाद शुरू हो गया है। आरोप है कि नए ठेकेदार पक्ष के लोगों ने दबंगई दिखाते हुए दुकान पर हंगामा किया।
महुआ चौकी स्थित शराब दुकान गत एक साल से सुधीर सिंह कुशवाह फर्म के नाम से संचालित हो रही है, जबकि एक अप्रैल से इसका टेंडर नए ठेकेदार को मिला है। इसी बदलाव के बीच विवाद सामने आया। सेल्समेन के अनुसार सोमवार की रात 6-7 लोग कार से दुकान पर पहुंचे और वहां उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद दुकान से शराब की पेटियां कार में भरकर ले गए। सेल्समेन की ओर से आरोप है कि आरोपियों ने खुद को नया ठेकेदार बताते हुए कहा कि अब दुकान उनकी है और पुराने ठेकेदार को यहां शराब बेचने नहीं दिया जाएगा। गोरमी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


