– अटेर थाना क्षेत्र के निवारी गांव की घटना
भिण्ड, 29 मार्च.मनीष दुबे। जिले के अटेर थाना क्षेत्र में निवारी गांव के हार में रविवार को खेत पर काम के दौरान पत्नी झटका मशीन के करंट की चपेट में आ गई। पत्नी को करंट से बचाने के प्रयास में पति की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार निवारी गांव निवासी विरोचन कुशवाह अपनी पत्नी सकुंतला के साथ खेत पर कटाई करने गए थे। इसी दौरान खेत में लगी झटका मशीन में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में सकुंतला आ गई। पत्नी को तड़पता देख विरोचन ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने की कोशिश की। बताया गया है कि जैसे ही विरोचन ने सकुंतला को बचाने के लिए हाथ लगाया, वह खुद तेज करंट की चपेट में आ गया।
खेतों में काम कर रहे किसानों की मदद से सकुंतला को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक विरोचन की हालत गंभीर हो चुकी थी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खेतों में उपयोग हो रही झटका मशीनों से सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


