राधाकृष्ण यादव
भिण्ड, 26 मार्च। नगर परिषद मौ के वार्ड क्र.15 सलमपुरा में स्व. बाबूसिंह यादव की स्मृति में आयोजित दंगल में नामी गिरामी पहलवानों की रोमांचक कुश्तियां हुईं, जिनका उपस्थित दर्शकों ने भरपूर आनंद उठाया। मेला आयोजक मौ कृषि उपज मंडी समिति के सहायक निरीक्षक उदयभान सिंह यादव ने दंगल में शामिल पहलवानों अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज दंदरौआ धाम ने आयोजन समिति की ओर से विजयी पहलवानों को पुरस्कार प्रदान कर उत्साह वर्धन किया। अंतिम कुश्ती धुलखेड़ी के कमलजीत और आगरा के हरेन्द्र के बीच हुई जो बराबरी से छूटी।
कतरौल टेकरी मन्दिर पर श्रीमद् भागवत कथा 27 से
भिण्ड। मेहगांव क्षेत्र के ग्राम कतरौल स्थित सिद्धेश्वर हनुमान टेकरी मन्दिर परिसर में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शुक्रवार 27 मार्च से किया जा रहा है। कथा का वाचन कथा व्यास आकाश कृष्ण शास्त्री सिहोनियां वाले करेंगे।
जानकारी देते हुए टेकरी मन्दिर के महंत रामदास महाराज ने बताया कि महामण्डलेश्वर योगिराज परशुराम दास महाराज एवं दंदरौआ धाम के महंत महामण्डलेश्वर रामदास महाराज के आशीर्वाद से इस संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में पारीक्षत सिद्धेश्वर टेकराम सरकार होंगे। कथा की व्यवस्था कतरौल ग्रामवासी एवं भक्तगण संभालेंगे। पूर्णाहुति एवं भण्डारा शुक्रवार तीन अप्रैल को होगा।


