– शिविर में प्राप्त 144 आवेदनों में से 93 का मौके पर हुआ निराकरण
भिण्ड, 23 मार्च.मनीष दुबे। संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत सोमवार को रामलीला मैदान मेहगांव मौ रोड में खण्ड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत भिण्ड के सीईओ वीरसिंह चौहान, एसडीएम मेहगांव, एसडीओपी मेहगांव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों में आलोक शुक्ला, जनपद पंचायत मेहगांव अध्यक्ष आशादेवी एवं नगर परिषद मेहगांव अध्यक्ष कंचन राठौर उपस्थिति रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की। तत्पश्चात उपस्थित नागरिकों द्वारा अपने-अपने आवेदन पंजीकृत कराए गए। शिविर में कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 93 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही किया गया। जिसमें राजस्व विभाग के 4, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 3, समग्र पंजीयन के 35, महिला एवं बाल विकास विभाग के 31, विद्युत विभाग का एक, नगर पंचायत के 15, आधार पंजीयन के 46 स्वास्थ्य विभाग (आयुष्मान कार्ड) के 2, शिक्षा विभाग के 7 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया, जिसमें राजस्व विभाग द्वारा पुष्पादेवी निवासी धनोली एवं अर्चना ठाकुर निवासी खेरिया को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पलक पुत्री मधु एवं सही पुत्री मोंसा बाई को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिया गया। जनपद पंचायत द्वारा छोटी पुत्री जितेन्द्र सिंह को दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत सहायता दी गई। नगर पंचायत मेहगांव द्वारा नेहा राठौर को संबल योजना का लाभ प्रदान किया गया।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा किरण पत्नी शैलेन्द्र सिंह निवासी मेहगांव को तेल मील हेतु 10 लाख रुपए तथा प्रेमजीत पुत्र दिनेश सिंह नरवरिया निवासी सिकरौदा को फास्ट फूड प्रोसेसिंग मशीनरी हेतु 15 लाख रुपए का ऋण प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना अंतर्गत स्वीकृत किया गया। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा ममता जाटव निवासी वार्ड 15, मेहगांव को स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरण किया गया तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। संकल्प से समाधान अभियान के तहत आयोजित यह शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


