– एसडीएम विजय यादव ने किया निरीक्षण
– किसानों को समझाया रजिस्ट्री का महत्व, कहा- बिना इसके नहीं मिलेगा खाद
भिण्ड, 08 मार्च। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निर्देशन में जिलेभर में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इसी क्रम में एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने राजस्व टीम के साथ विभिन्न ग्रामों में शिविरों का औचक निरीक्षण किया तथा कार्यों में गंभीर लापरवाही मिलने पर सख्त रुख अपनाते हुए 3 पटवारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 12 अन्य पटवारियों का 5-5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
भ्रमण के दौरान एसडीएम विजय यादव ने ग्राम अचलपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में शासन की सभी किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार दीपक शुक्ला लहार, श्रीनिवास शर्मा रौन, अमित दुबे मिहोना और नायब तहसीलदार अरविंद शर्मा भी साथ रहे।
ड्यूटी से नदारद पाए जाने और कार्य में शिथिलता बरतने पर विजय प्रताप तोमर, कमलेश गौले और रश्मि कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। वहीं रविन्द्र सिंह कुशवाहा, अर्चना आजाद, मनीष मिश्रा सहित 12 पटवारियों का मार्च माह का 5-5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। ग्राम अचलपुरा में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कोटवार का भी 5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
मिड-डे मील में गड़बड़ी, समूह का भुगतान रोका
एसडीएम जब ग्राम चंदावली पहुंचे, तो वहां शामावि नं.एक के निरीक्षण में बड़ी अव्यवस्था मिली। दोपहर एक बजे स्कूल का किचन शेड बंद पाया गया और बच्चे भोजन के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए अवतारी दास स्व सहायता समूह का 15 दिन का पारिश्रमिक काटने हेतु बीआरसी रौन को निर्देशित किया।
इनका कहना है:
”शासन के निर्देशानुसार आगामी सीजन में खाद का वितरण केवल फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही किया जाएगा। किसान रविवार तक आयोजित शिविरों में अपने पटवारी से संपर्क कर सभी सर्वे नंबरों को आईडी से अनिवार्य रूप से जुड़वा लें।”
विजय सिंह यादव, एसडीएम लहार


