– वेतन काटने का नोटिस जारी करना लहार बीईओ को पड़ा भारी
भिण्ड, 08 मार्च। लहार में कुछ शिक्षक और बीईओ प्रेमसिंह बघेल आमने सामने आ गए और शिक्षकों ने मिलकर उनके साथ मारपीट कर दी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने चारों शिक्षकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीईओ लहार प्रेमसिंह बघेल पुत्र श्रीराम बघेल उम्र 56 साल निवासी ग्राम पुरा भीमनगर ने पुलिस को बताया बताया कि शुक्रवार की शाम 6 बजे मुझे एसडीएम ने अपने कार्यालय में बुलाया था। मैं एसडीएम कार्यालय में होकर न्यायालय परिसर हनुमान मन्दिर लहार में आया तथा साथ में जनगणना में लगाए जाने वाले कर्मचारियों की सूची लिए था, तभी उच्च माध्यमिक शिक्षक शैलेन्द्र सिंह कुशवाह पदस्थ शा. ठाकुर जान सिंह उमावि वैसपुरा, प्राथमिक शिक्षक राजेश सिंह कुशवाह पदस्थ शा. पीएमश्री मावि क्र.2 लहार, उच्च माध्यमिक शिक्षक रावेन्द्र सिंह राजावत पदस्थ शा. ठाकुर जान सिंह उमावि वैसपुरा एवं माध्यमिक शिक्षक सरजीत सिंह कुशवाह पदस्थ शामावि हलुआपुरा आए और मुझसे शैलेन्द्र सिंह कुशवाह बोले तुमने मेरा वेतन कैसे बंद कर दिया, तो मैंने कहा कि आप अनुस्थित थे इसलिए मैंने आपको कारण बताओ नोटिस दिया है, जिसका जबाव आज तक आपके द्वारा कार्यालय में नहीं दिया गया है। इसी बात पर नाराज होकर सभी लोग मुझे गालियां देने लगे। मैंने गालियां देने से मना किया तो सभी लोग बोले कि अगर तुमने शैलेन्द्र सिंह कुशवाह की वेतन नहीं निकाली तो तुम्हें जान से खत्म कर देंगे और धक्का देकर राजेश कुशवाह कर्मचारियों वाली सूची छीन ले गए, जिसकी सूचना मैंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देकर लहार थाने में उक्त शिक्षकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा की धाराओं में मामला कायम कराया। आगामी कार्रवाई हेतु वरिष्ठ अधिकारियो को पत्र भी जारी किए जाएंगे।
इनका कहना है:
”लहार बीईओ के साथ मारपीट एवं कागज छीनकर फाड़कर फेंकने का मामला सामने आया था, जिसकी तस्दीक करवाकर उक्त शिक्षकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा की धाराओं में मामला कायम किया गया।”
शिवसिंह यादव, थाना प्रभारी लहार


